विधायक महाराजी प्रजापति के निवास पर हमला करने वाले पांच गिरफ्तार
अमेठी, 27 मई (हि.स.)। मंगलवार की देर शाम लगभग तीन दर्जन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के अमेठी विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर हमला बोल दिया था। इसके बाद विधायक पुत्र की तहरीर पर 11 नामजद सहित कुल 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई है। इसी घटना में शामिल मामजद 11 में से पांच अभियुक्तों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना के बाद विधायक पुत्र अनुराग प्रजापति की तहरीर पर अमेठी कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा अपराध संख्या 115/25 धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट में कल 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है ।
अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में बलराम यादव निवासी खाझा थाना पीपरपुर, शेर बहादुर यादव निवासी घटकौर थाना पीपरपुर, मनुपाल निवासी ढेमा थाना रामगंज, धर्मराज यादव निवासी कनकापुर मजरे भीमी थाना अमेठी तथा विपिन यादव निवासी कनकापुर मजरे भीमी थाना अमेठी शामिल हैं। इन सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। शेष अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है। शीघ्र उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

