गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से स्थापित होगा फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से स्थापित होगा फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट


लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश मत्स्य क्षेत्र में निवेश आधारित विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। मत्स्य आहार निर्माता कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर में अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट स्थापित करेगी। परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 150 करोड़ व द्वितीय चरण में 100 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यह इकाई गीडा के सेक्टर 27 में स्थापित होगी। इससे 500 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में रविवार को गोरखपुर में प्रस्तावित निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा।

मीन महोत्सव में मिले प्रस्ताव अब धरातल पर

मत्स्य विभाग की महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने शनिवार काे बताया कि यह पहल फरवरी 2025 में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मीन महोत्सव के दौरान किए गए निवेश प्रोत्साहन प्रयासों का परिणाम है। इस आयोजन के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र में लगभग 1,020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इसके अतिरिक्त, मत्स्य क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण एवं विकास के उद्देश्य से कई अन्य निवेश प्रस्ताव भी वर्तमान में पाइपलाइन में हैं।

उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड का होगा निर्माण

कंपनी के प्रबंध निदेशक अडुसुमिली वेंकट सुब्रमण्यम ने बताया कि गोरखपुर संयंत्र में आधुनिक तकनीक के माध्यम से उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड का निर्माण किया जाएगा। इस संयंत्र की स्थापना से मत्स्य आहार की गुणवत्ता एवं दक्षता में सुधार होगा, मछलियों की उत्पादकता बढ़ेगी तथा मत्स्य पालकों की आय एवं लाभप्रदता में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी। यह संयंत्र उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तर भारत एवं पूर्वी भारत के विभिन्न बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। साथ ही पड़ोसी देशों में निर्यात की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से गोरखपुर के औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा मत्स्य क्षेत्र की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला (फिशरीज वैल्यू चेन) को मजबूती मिलेगी।

रोजगार एवं समृद्धि के खुलेंगे नए द्वार

डीजी मत्स्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवेश की संभावनाओं को धरातल पर विकास की वास्तविक उपलब्धियों में परिवर्तित कर रहा है। इससे मत्स्य पालकों, उद्यमियों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए विकास, रोजगार एवं समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे। इस महत्वपूर्ण निवेश को साकार करने में मत्स्य मंत्री संजय निषाद के नेतृत्व व अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम के सक्रिय एवं प्रभावी प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। निरंतर निवेश प्रोत्साहन एवं कई अन्य प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश आधुनिक जलीय कृषि (मॉडर्न एक्वाकल्चर), मत्स्य आहार विनिर्माण तथा मत्स्य आधारित आर्थिक विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story