मानवाधिकार एवं विकास में लैंगिक समानता पर दो दिवसीय प्रशिक्षण का पहला दिन संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
मानवाधिकार एवं विकास में लैंगिक समानता पर दो दिवसीय प्रशिक्षण का पहला दिन संपन्न


लखनऊ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया की ओर से बुद्धेश्वर केंद्र, लखनऊ में “मानवाधिकार एवं विकास में लैंगिक समानता” विषय पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण के पहले दिन संस्था के समूह से जुड़ी 45 बालिका लीडर्स ने भाग लिया। प्रशिक्षक प्रवेश वर्मा ने सत्र का संचालन किया। शुरुआत परिचय से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने अब तक की बैठकों में सीखी गई बातों और अपने अनुभवों को साझा किया।

प्रशिक्षण के दौरान जेंडर से जुड़े सवालों पर चर्चा की गई। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सुविधाओं और अवसरों, वंचना और बाधाओं, समानता और समता के बीच अंतर को समझाया गया। खेल, गीत, समूह गतिविधियों और कहानियों के जरिए यह समझने का प्रयास किया गया कि समाज में लड़कियों और महिलाओं के साथ किस तरह का भेदभाव होता है और घरेलू जिम्मेदारियों का बँटवारा अक्सर असमान क्यों रहता है।

“घर की मुर्गी दाल बराबर” विषय पर वीडियो दिखाकर महिलाओं के घरेलू काम और उनके योगदान को कम महत्व देने की सोच पर चर्चा हुई। सारस और लोमड़ी की कहानी के माध्यम से दूसरों की परिस्थितियों और जरूरतों को समझने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही पीढ़ियों के बीच सोच में आने वाले बदलाव, समानता और भेदभाव तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित पाॅश अधिनियम की जानकारी भी साझा की गई।

“गोल घेरे में चोर पकड़ना” जैसी गतिविधि के माध्यम से सहभागिता और समूह में काम करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के आयोजन में श्रद्धा, हेमा, शालिनी, रानी, आंचल, पुष्पा, मुस्कान, श्याम सहित की टीम, कम्युनिटी लीडर का सहयोग रहा। प्रशिक्षण के दूसरे दिन 18 अक्टूबर को आगे के सत्र आयोजित किए जाएंगे। समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story