मुरादाबाद रेल मंडल : रोज़ा गुड्स शेड से बांग्लादेश के लिए गेहूं की पहली रेक लोड

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद रेल मंडल : रोज़ा गुड्स शेड से बांग्लादेश के लिए गेहूं की पहली रेक लोड


मुरादाबाद, 08 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा के निर्देशन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों एवं प्रभावी ग्राहक समन्वय के परिणामस्वरूप रोज़ा गुड्स शेड से बांग्लादेश के लिए गेहूं की पहली रेक सफलतापूर्वक लोड की गई। इस रेक से रेलवे को कुल 56,57,112 रुपये का मालभाड़ा प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि मंडल के माल राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ रेल परिवहन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि बीती सात सितंबर को रोज़ा गुड्स शेड की लाइन संख्या-01 से 42 वैगन वाली बीसीएन रेक में गेहूं लोड किया गया। यह रेक दर्शना, बांग्लादेश के लिए भेजी गई है। गेहूं की इस खेप को मैसर्स वीके उद्योग लिमिटेड द्वारा लोड किया गया।

यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है क्योंकि जून 2021 के बाद रोज़ा गुड्स शेड से बांग्लादेश के लिए यह पहली रेक है। लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद रोज़ा से बांग्लादेश के लिए गेहूं की रेल खेप का पुनः संचालन मुरादाबाद मंडल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की ओर से माल ग्राहकों से निरंतर संपर्क, उनकी आवश्यकताओं को समझने तथा उन्हें रेल परिवहन के माध्यम से माल ढुलाई के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा ग्राहक के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए रोज़ा गुड्स शेड से बांग्लादेश के लिए गेहूं की लोडिंग को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story