सड़क दुर्घटना में फिरोजाबाद के युवक की मौत, एक घायल
हाथरस, 19 फ़रवरी (हि.स.)। मुरसान मार्ग पर गुरुवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में फिरोजाबाद के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना नारखी क्षेत्र के गांव भोड़ेला निवासी हर्ष बरौलिया पुत्र संतोष कुमार अपने पड़ोसी मित्र गौरव पुत्र अशोक के साथ सासनी में एक शादी समारोह में शामिल होने निकले थे। सादाबाद पहुंचने के बाद दोनों अपनी बहनों के गांव दर्शना (हाथरस) जाने के लिए मुरसान मार्ग से जा रहे थे। ग्राम बहादुरपुर भूप चौराहे के निकट सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया। गौरव का उपचार जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम भेजा जा रहा है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
तीन बहनों का इकलौता भाई था हर्ष
हादसे में जान गंवाने वाला हर्ष अपने परिवार का इकलौता बेटा और तीन बहनों का अकेला भाई था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, वह शादी समारोह में जाने से पहले अपनी बहन के घर जा रहा था। रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
बताया जाता है कि हर्ष की शादी दो वर्ष पूर्व हो चुकी थी, लेकिन अभी तक उसकी कोई संतान नहीं थी। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन एवं रिश्तेदार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

