बच्चे के जन्म की खुशी में फटा पटाखा ,चपेट में आने से चार बच्चे घायल, दो मेडिकल कॉलेज में भर्ती
सुलतानपुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर गांव में बच्चे के जन्म की खुशी में रविवार काे पटाखे जलाने के दौरान हुए एक हादसे में चार बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के प्रतापगंज बाजार स्थित एक पटाखा कारोबारी के यहां छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। सीओ सिटी सौरभ सामन्त ने रविवार को बताया कि कोतवाली नगर के नारायणपुर निवासी सुजीत कुमार के घर में कुछ दिन पहले बच्चे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में रविवार काे भतीजे सनी और उनके साथी पटाखे जला रहे थे। पटाखा गिट्टी पर गिरने से गिट्टी उछली और पास खड़े चार बच्चों के पैरों में लगी। सभी पांच घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घायलों में राघवेंद्र सिंह (10 वर्ष) पुत्र उत्तम सिंह, निवासी पयागीपुर और मो. सुभहान (17 वर्ष) पुत्र दिलशाद, निवासी नरायनपुर को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। वहीं हर्ष (5 वर्ष) पुत्र गुलशन और यश (10 वर्ष) पुत्र रोशन, दोनों निवासी नरायनपुर को इमरजेंसी से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

