गंधक पोटाश से ही लगी थी शहीद एक्सप्रेस के एस 06 कोच में आग

WhatsApp Channel Join Now
गंधक पोटाश से ही लगी थी शहीद एक्सप्रेस के एस 06 कोच में आग


गंधक पोटाश से ही लगी थी शहीद एक्सप्रेस के एस 06 कोच में आग


मुरादाबाद,09 नवंबर(हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के बिंदकी-नगीना स्टेशन के बीच बीते अक्टूबर माह में शहीद एक्सप्रेस के एस-06 कोच में आग लगने की घटना की जांच में गंधक-पोटाश की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। आरपीएफ ने जले हुए बैग को जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा था। सोमवार को मिली रिपोर्ट में बैग में गंधक-पोटाश की मात्रा पाई गई है।

शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-06 में बीते माह 24 अक्टूबर रात आग लगने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई थी। घटना नगीना रेलवे स्टेशन के पास रात्रि 11ः15 बजे हुई थी। कोच में धुआं भरने पर करीब 80 यात्री नीचे उतर गए थे। आग की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के बैग जल गए थे। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई गई थी। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोच को सामान्य कर दिया था। इसके बाद रात 11ः50 बजे ट्रेन को मुरादाबाद के लिए रवाना कर दिया गया था। घटना के कारण रेल लाइन करीब आधे घंटे तक बाधित रही थी। इससे ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि शहीद एक्सप्रेस के एस-06 कोच में जिस बैग में आग लगी थी, उसमें पोटाश और गंधक मिली थी। मामले में मुरादाबाद आरपीएफ में मुकदमा दर्ज किया गया था। साथ ही हादसे वाले कोच में इलेक्ट्रिक वायर चार्जिंग पॉइंट सभी ठीक मिले थे।

उन्होंने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आग लगने की वजह को लेकर जताई जा रही आशंका को बल मिला है। घटना के समय ट्रेन के एस-06 कोच में अचानक आग भड़क गई थी। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेंद्र मलिक ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में गंधक-पोटाश की मामूली मात्रा मिलने की पुष्टि हुई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774470 Articles

Share this story