स्कूल बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग


बागपत, 23 सितंबर (हि.स.)। बागपत जिले के खेकड़ा क्षेत्र सुभानपुर गांव स्थित डीपीडब्लूएस स्कूल की एक बस में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार बस में उस समय पांच बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों और चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया कि छुट्टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। जैसे ही बस अब्दुलपुर गांव के पास पहुंची, अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी।

इसी दौरान बस में सवार छात्र देवांश त्यागी ने आग लगने का एहसास होते ही शोर मचाया। छात्र की आवाज सुनते ही चालक ने तुरंत बस रोक दी और बिना देर किए सभी पांचों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारकर दूर खड़ा कर दिया। चालक की तत्परता और बच्चों की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। स्कूल प्रबंधक राजकुमार त्यागी ने बताया कि बस में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें सुरक्षित घर ले गए।

एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि बागपत के फायर सर्विस स्टेशन खेकड़ा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नूरपुर खालसा के पास स्कूल बस में लगी आग को फायर सर्विस स्टेशन खेकड़ा व सहायतार्थ फायर सर्विस स्टेशन यूनिट ट्रोनिका सिटी के द्वारा पूर्णरूप से बुझाया गया, अग्निकांड से कोई जनहानि नही है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story