गाजियाबाद के मोदी मिल डिस्टिलरी में स्प्रिट से भरे टैंक फटने से लगी आग

WhatsApp Channel Join Now
गाजियाबाद के मोदी मिल डिस्टिलरी में स्प्रिट से भरे टैंक फटने से लगी आग


गाजियाबाद, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मोदी डिस्टलरी फैक्ट्री में शनिवार दोपहर को स्प्रिट से भरे टैंक फटने से आग लग गई। हादसे के बाद कर्मचारियों ने अपनी जान बचाने के लिए फैक्ट्री की दीवार कूदकर भागना शुरू कर दिया। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं है।

मोदी शुगर परिसर में स्थित इस फैक्ट्री में 1000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। दोपहर को फैक्ट्री के एक हिस्से में रखे स्प्रिट के तीन टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गए। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। टैंक फटने के तुरंत बाद आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

फैक्ट्री के अधिकारियों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पारा गया।

एफएसओ अमित चौधरी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। हालांकि इस घटना मे लाखों रुपये के कीमत का स्प्रिट जलकर खाक हो गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story