रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग से लाखों का हुआ नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग से लाखों का हुआ नुकसान


औरैया, 04 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली के पास स्थित सत्तेस्वर मोहल्ले में मंगलवार देर रात रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग लग गई। घटना रात करीब 12 बजे की है।

आशुतोष गुप्ता की ‘शिव कुमार गारमेंट्स’ नाम से रेडीमेड कपड़े की दुकान हैं। बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी उठी, जिसने देखते ही देखते दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। रात के समय बाजार लगभग बंद हो चुका था। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देख तुरंत शोर मचाया और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सीएफओ तेजवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते दमकल विभाग के पहुंचने से आग आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से बच गई। आग की इस घटना में दुकान में रखा रेडीमेड कपड़ा, काउंटर, फर्नीचर, बिजली उपकरण और अन्य सामान जलकर राख हो गया।

दुकानदार आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आग लगने से 8 से 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रही है। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत है और वे बाजार क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story