प्लाईवुड गोदाम में लगी आग, लाखाें का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
प्लाईवुड गोदाम में लगी आग, लाखाें का नुकसान


हाथरस, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

गांव कुरसंडा निवासी महेंद्र सिंह ने अपने गोदाम में प्लाईवुड से देवी-देवताओं की प्रतिमाएं बनाने का कार्य शुरू किया था। रविवार सुबह अचानक उस गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी हुई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बाल्टियों और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्लाईवुड और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका। हालांकि तब तक गोदाम में रखा भारी मात्रा में तैयार माल, कच्चा माल और अन्य उपकरण जलकर खाक हो चुके थे।

ग्रामीणों की सूझबूझ से कुछ प्लाईवुड और अधूरी प्रतिमाएं बाहर निकाल ली गईं, जिससे आंशिक नुकसान कम हुआ। फिर भी प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story