लखनऊ के अकबर नगर में पथराव मामले में सात लोगों पर मुकदमा दर्ज

लखनऊ के अकबर नगर में पथराव मामले में सात लोगों पर मुकदमा दर्ज
लखनऊ के अकबर नगर में पथराव मामले में सात लोगों पर मुकदमा दर्ज


लखनऊ, 11 मार्च (हि.स.)। अकबर नगर क्षेत्र पहुंचे एलडीए की टीम एवं पुलिसकर्मियों पर पथराव मामले में सात लोगों पर नामजद एफआईआर कर ली गयी है। एलडीए के अधिकारी संजीव कुमार ने महानगर थाना में तहरीर देकर मोहम्मद नौशाद, फजल अहमद, मोहम्मद सैफ खान, आदिल इस्तियाक, हबिदुल, अरशद वारसी और रेहान अली के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज करायी है। इसके अतिरिक्त सौ के करीब अज्ञात लोगों पर भी एफआईआर दर्ज हुई है।

अकबर नगर में एलडीए की टीम पर हुए पथराव मामले में सोमवार को महानगर थाना में सार्वजानिक संपत्ति अधिनियन की धारा 2 व 3 और दंड विधि अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत एफआईआर लिखी गयी है।

रविवार की शाम को अकबर नगर में पथराव की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उपायुक्त मध्य रवीना त्यागी ने पहले तो पथराव होने से इन्कार किया था। बाद में रात्रि पहर घटनास्थल से मिले वीडियो के आधार पर महानगर थाने की पुलिस ने पुलिस उपायुक्त को समूचे घटनाक्रम की जानकारी साझा की। घटना के संबंध में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद चिन्हित चेहरों को नामजद करते हुए एलडीए के अधिकारी से बातचीत की गयी।

घटना के बारे में एलडीए के अधिकारी संजीव ने आपबीती बताते हुए कहा कि जिस प्रकार पत्थर फेंके गये, पथराव करने वाले लोगों में पर्याप्त गुस्सा था। एक ओर से लगातार पथराव हो रहा था। इसके बाद संजीव की तहरीर पर एफआईआर लिख ली गयी।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/दीपक/राजेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story