वाहन यार्ड में लगी भीषण आग, कई वाहन जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
वाहन यार्ड में लगी भीषण आग, कई वाहन जलकर राख


फतेहपुर, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को फाईनेंस कम्पनी के एक यार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आग की चपेट में आए दर्जन भर वाहन जलकर राख हो गये। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। लोगों को दूर-दूर तक धुआं दिखा। वहीं आसपास के इलाकों में भी धुंध फैल गई।

मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा फैक्टरी एरिया में स्थित वाहन यार्ड में एक फाइनेंस कंपनी द्वारा किस्त न चुकाने पर खींची गई गाड़ियों को रखा जाता है। यार्ड में बड़ी संख्या में कार, ट्रक और अन्य वाहन खड़े थे, जो आज आग की चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों का आग को बुझाने का प्रयास लगातार जारी है।

मलवां थानाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि दमकल विभाग की टीम द्वारा राहत-बचाव कार्य किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना की जांच कर रहे हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story