पत्रकारिता विभाग में प्रवेश का अंतिम मौका, 29 जून को होगी अंतिम काउंसलिंग
कानपुर, 26 जून (हि.स.)। पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए 29 जून अंतिम अवसर है। विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अंतिम काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। निर्धारित तिथि के बाद प्रवेश का कोई अन्य अवसर नहीं मिलेगा। यह बातें शुक्रवार को विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने कहीं।
विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, अंतिम काउंसलिंग के दौरान पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर योग्यता सूची के आधार पर रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्रों और उनकी छायाप्रतियों के साथ निर्धारित समय पर विभाग में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।
डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है, उनके लिए यह अंतिम मौका है। उन्होंने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर काउंसलिंग में शामिल होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि विभाग में आधुनिक मीडिया, डिजिटल पत्रकारिता और जनसंचार के बदलते स्वरूप के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को मीडिया क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। विभाग में बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (पार्श्व प्रवेश) पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

