दो दशक बाद फिल्म निर्माता मनोज तिवारी की कब्जा मुक्त हुई पैतृक जमीन, योगी सरकार का जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
दो दशक बाद फिल्म निर्माता मनोज तिवारी की कब्जा मुक्त हुई पैतृक जमीन, योगी सरकार का जताया आभार


गोरखपुर, 18 मई (हि.स.)। मुंबई के सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक मनोज तिवारी ने साेमवार काे गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार एवं कुशीनगर प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध कब्जों के खिलाफ चल रही कार्रवाई से आम लोगों में न्याय की उम्मीद बढ़ी है।

मनोज तिवारी ने बताया कि कुशीनगर स्थित उनकी करीब पांच एकड़ पैतृक भूमि पर पिछले लगभग 20 वर्षों से अवैध कब्जा था। कई लोगों ने जमीन पर कब्जा कर रखा था और एक व्यक्ति ने मकान बनाकर स्थायी रूप से कब्जा जमा लिया था। लंबे समय तक कोई समाधान न मिलने से उनका परिवार निराश हो चुका था।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई देखने के बाद उनके मन में उम्मीद जगी। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ कुशीनगर पहुंचकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तोमर, एडीएम और एसएसपी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी।

मनोज तिवारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा दस्तावेजों की जांच कराई गई और 15 से 20 दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें उनकी पैतृक भूमि का दोबारा कब्जा दिला दिया गया। उन्होंने कहा कि इसके लिए उनका पूरा परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कुशीनगर प्रशासन का हृदय से आभारी है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को इसी तरह आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करते रहना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन पर और मजबूत हो सके।

इस अवसर पर पत्रकारों समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story