फिल्म कॉन्क्लेव 2026 में सीएसजेएमयू का जलवा, नेहा पोरवाल प्रथम

WhatsApp Channel Join Now
फिल्म कॉन्क्लेव 2026 में सीएसजेएमयू का जलवा, नेहा पोरवाल प्रथम


कानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय फिल्म कॉन्क्लेव 2026 में सीएसजेएमयू के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। देशभर के विशेषज्ञों के बीच छात्रों ने अपने शोध प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में नेहा पोरवाल ने प्रथम स्थान हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। अन्य छात्राओं ने भी शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि यह छात्रों की मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है।

लखनऊ के संगीत नाटक अकादमी में आयोजित उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय फिल्म कॉन्क्लेव 2026 में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि सम्मान भी प्राप्त किया।

कॉन्क्लेव में देशभर से आए फिल्म, मीडिया और संचार क्षेत्र के विशेषज्ञों के बीच विश्वविद्यालय के एमएजेएमसी छात्रों ने अपने शोध-पत्र (पेपर प्रेजेंटेशन) प्रस्तुत किए। उनके प्रस्तुतिकरण को जूरी और उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा सराहा गया, जिसमें सिनेमा, संस्कृति और समाज के विभिन्न पहलुओं पर गहन विश्लेषण शामिल था।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की छात्रा नेहा पोरवाल (एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की। द्वितीय स्थान अंशिका दीक्षित (एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर) को प्राप्त हुआ, जबकि तृतीय स्थान मानवी सिंह (एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर) ने हासिल किया। इन तीनों छात्राओं को उनके उत्कृष्ट पेपर प्रेजेंटेशन के लिए सम्मानित भी किया गया।

सभी छात्रों ने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी एवं सहायक आचार्य डॉ. हरिओम कुमार के शोध निर्देशन में शोध पत्र तैयार किए थे।

कॉन्क्लेव के दौरान छात्रों को फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, कलाकारों और निर्माताओं से सीधे संवाद का अवसर मिला, जिससे उन्हें सिनेमा और मीडिया के व्यावहारिक पहलुओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। यह अनुभव उनके भविष्य के करियर के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत का परिणाम है। साथ ही, यह भी विश्वास जताया गया कि भविष्य में भी छात्र इसी प्रकार अन्य राष्ट्रीय मंचों पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story