फाइलेरिया की दवा जरूर खाएं, 16 जिलों में 19 नवम्बर से चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
फाइलेरिया की दवा जरूर खाएं, 16 जिलों में 19 नवम्बर से चलेगा अभियान


लखनऊ, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए आगामी 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के बीच प्रदेश के 16 प्रभावित जिलों की चिन्हित 53 प्लानिंग यूनिट्स (ब्लॉक) में 'सर्वजन दवा सेवन अभियान' (MDA) चलाया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत 19 नवंबर से स्वास्थ्य कर्मी आपके घर आकर फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएंगे।

राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने यह जानकारियां मंगलवार को स्थानीय होटल में आयोजित मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला में दीं।

डॉ. एके चौधरी ने बताया कि प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन अंतिम दौर में है। कभी 51 जिलों के 782 ब्लाक तक फैली इस बीमारी का संक्रमण काफी घट गया है। रामपुर फाइलेरिया मुक्त घोषित हो चुका है। वाराणसी, आजमगढ़, मऊ व महोबा भी फाइलेरिया मुक्त होने की कगार पर हैं। 19 नवंबर से शुरू हो रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में अगर 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को हम फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने में सफल रहे तो संक्रमण और घट जाएगा।

डॉ चौधरी ने बताया कि इस बार के एमडीए के लिए सघन तैयारी की गई है। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, पंचायती राज विभाग, यूपीएसआरएलएम, एनएसएस समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर उनका सहयोग लिया जा रहा है। अभियान 6500 गांव में चलाया जाएगा जिसके लिए 2680 टीमें. 8730 आशा तैनात की गई हैं। अभियान के दौरान 859 आयुष्मान आरोग्य मंदिर में फाइलेरिया रोधी दवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने दवा खिलाएंगी।

इस बार कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, चित्रकूट, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोण्डा, हरदोई, कन्नौज, बलिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर व कौशांबी के 53 ब्लाक में एमडीए अभियान होना है। सबसे ज्यादा फतेहपुर में 11 ब्लाक, उसके बाद सीतापुर में 10 व कानपुर देहात में सात ब्लाक हैं। उन्होंने बताया कि इन 16 जिलों में एक लाख 91 हजार 487 कभी न दवा खाने वाले और पांच लाख 38 हजार 351 प्रवासी लोगों की सूची तैयार है। इसके अलावा तीन लाख 31 हजार 368 इनकार करने वाले लोगों को भी इस अभियान में दवा खिलाई जाएगी।

इससे पहले निदेशक डॉ रेखा रानी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि फाइलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं और सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कार्यशाला के दौरान रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्य उन्नाव से आए प्रधान रामबाबू, सीतापुर की ररिता देवी व कानपुर के बसंत लाल गुप्ता ने पत्रकारों के सामने अपने अनुभव व समुदाय से मिलने वाले सहयोग पर चर्चा की।

कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के उपमहाप्रबंधक डॉ अताउर रहमान, संयुक्त निदेशक वीबीडी डॉ पंकज सक्सेना, गेट्स फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी डॉ मानिक रेलन, पीसीआई से रनपाल सिंह, इसके अलावा डब्ल्यूएचओ, पीसीआई, पाथ, जीएचएस व सीफार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story