रोमांचक हॉकी मुकाबले में खेल भावना की शानदार मिसाल, फ़र्टिलाइजर टीम बनी विजेता
गोरखपुर, 24 जून (हि.स.)। स्थानीय पादरी बाज़ार स्थित सैकरेड हार्ट एकेडमी के खेल मैदान पर आयोजित बालस्वर हॉकी प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत बुधवार को प्रशिक्षु खिलाड़ियों के बीच रोमांचक हॉकी मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मुख्य मुकाबले में फरटिलाइजर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संकल्प एकेडमी को 3-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ में फरटिलाइजर टीम के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दो शानदार फील्ड गोल दागकर 3-1 की बढ़त बना ली। अंतिम मिनटों में संकल्प एकेडमी ने एक गोल कर मुकाबले में वापसी का प्रयास किया, लेकिन निर्धारित समय समाप्त होने के कारण फरटिलाइजर टीम 3-2 से विजेता घोषित की गई। प्रतियोगिता के एक अन्य मुकाबले में भी फ़र्टिलाइजर टीम ने जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
मैच का सबसे प्रेरणादायक पहलू खिलाड़ियों की उत्कृष्ट खेल भावना रही। जीत-हार से ऊपर उठकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मुकाबले के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर खेल भावना, आपसी सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया। मैदान में उपस्थित दर्शकों ने इस दृश्य का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक (लीड बैंक) मनोज कुमार श्रीवास्तव, बालस्वर के संस्थापक अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् डॉ. चमन राय, अंतरराष्ट्रीय हॉकी कमेंटेटर अशोक गुप्ता, हॉकी गुरु मोहम्मद इमरान, वेटेरंस हॉकी खिलाड़ी प्रेम दत्त कालिया, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं कोच रीता मिश्रा, शम्स तबरेज, कोच अश्वनी कुमार तथा कोच शोहराबुद्दीन अहमद ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हॉकी हमारे देश की गौरवशाली खेल परंपरा का प्रतीक है। बच्चों में इस खेल के प्रति दिखाई देने वाला उत्साह और समर्पण अत्यंत सराहनीय है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नींव तैयार करते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही। पूरे मैच के दौरान दर्शकों ने लगातार तालियां बजाकर नन्हे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बालस्वर हॉकी प्रशिक्षण शिविर का यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के संस्कार विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

