बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ में फंसी महिला श्रद्धालु की बिगडी तबीयत

WhatsApp Channel Join Now
बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ में फंसी महिला श्रद्धालु की बिगडी तबीयत


मथुरा, 15 जुलाई (हि.स.)। वृंदावन ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में बुधवार को भक्तों की भीड़ सामान्य ही थी। लेकिन, पुलिस बैरियर पर श्रद्धालुओं को रोकने के कारण भीड़ का दबाव व उमसभरी गर्मी से श्रद्धालु बेसुध होते रहे। यही कारण था कि मंदिर में दर्शन के दौरान मप्र की महिला श्रद्धालु को चक्कर आए और वह जमीन पर गिर गई। सुरक्षागार्डों ने महिला श्रद्धालु को चबूतरे पर मौजूद चिकित्सकों के पास पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में बुधवार की सुबह भक्तों की संख्या सामान्य ही थी। मंदिर के एंट्री पाइंट विद्यापीठ व जुगलघाट से श्रद्धालु मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन, मंदिर के अंदर रेलिंग में भक्तों के ठहराव के कारण जब रेलिंग खाली होतीं, तभी बाहर खड़े श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश मिल रहा था। ऐसे में पुलिस द्वारा लगाए जा रहे बैरियर पर भीड़ का दबाव बन जाता। उमस और भीड़ के दबाव में श्रद्धालुओं की हालत खराब हो रही थी। कठिनाइयों से जूझते श्रद्धालु मंदिर के अंदर पहुंच रहे थे। ऐसे में मध्य प्रदेश से दर्शन को आई लगभग 50 वर्षीय महिला श्रद्धालु जनक गुप्ता मंदिर प्रांगण मं चक्कर आने से जमीन पर गिर गईं। मंदिर में मौजूद सुरक्षागार्डों ने तत्काल महिला श्रद्धालु को मंदिर चबूतरे पर मौजूद चिकित्सकों के पास पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार देकर राहत दी। राहत मिलने के बाद श्रद्धालु महिला गंतव्य को चली गई।सवाल उठता है कि जब भक्तों की भीड़ कम है तो मंदिर के अंदर सुरक्षागार्ड व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हो रहे हैं और रेलिंग में खड़े श्रद्धालुओं को लगातार आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी से बचते नजर आते हैं। यही कारण है कि मंदिर में भक्तों की भीड़ कम होने के बावजूद बाहर भीड़ का दबाव बना रहता है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story