राज्यपाल से सम्मानित रंगकर्मी प्रेम नाथ का गोरखपुर आगमन पर भव्य स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल से सम्मानित रंगकर्मी प्रेम नाथ का गोरखपुर आगमन पर भव्य स्वागत


गोरखपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ के स्वर्ण जयंती समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों सम्मानित होने के बाद गोरखपुर पहुंचे वरिष्ठ रंगकर्मी प्रेम नाथ का गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

प्रेस क्लब परिसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने प्रेम नाथ को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर मौजूद पत्रकारों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने इसे गोरखपुर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

पत्रकारों ने कहा कि प्रेम नाथ का राज्यपाल द्वारा सम्मानित होना न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि यह गोरखपुर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का भी सम्मान है। उनके रंगमंच के प्रति समर्पण और वर्षों की साधना ने उन्हें प्रदेश स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है, जो पूरे शहर के लिए प्रेरणादायक है।

प्रेम नाथ ने इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान गोरखपुर की सांस्कृतिक भूमि और यहां के लोगों के स्नेह का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी रंगमंच और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि प्रेम नाथ की यह उपलब्धि शहर के युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और गोरखपुर को सांस्कृतिक मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story