संविधान दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने पोस्टर प्रतियोगिता से दिया संवैधानिक मूल्यों का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
संविधान दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने पोस्टर प्रतियोगिता से दिया संवैधानिक मूल्यों का संदेश


फर्रुखाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज स्थित शकुंतलम देवी बालिका इंटर कॉलेज में संविधान दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने पोस्टर प्रतियोगिता और जागरूकता रैली के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। छात्राओं ने पोस्टरों में संविधान की प्रस्तावना के साथ न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को उकेरते हुए नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के महत्व को रेखांकित किया।

04 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के कमान अधिकारी कर्नल विजेंद्र शारदा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में राधिका पाठक ने पहला और आन्या ने दूसरा स्थान हासिल किया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए संविधान की मूल भावना और सामाजिक समरसता का संदेश प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के बाद एनसीसी कैडेट्स ने जागरूकता रैली निकाली। इसके माध्यम से लोगों से संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने, देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने और अधिकारों के साथ नागरिक दायित्वों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की गई। रैली में कैडेट्स का अनुशासन और उत्साह विशेष आकर्षण रहा।

विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने विजेता छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसके मूल सिद्धांतों को समझना और उन्हें अपने आचरण में उतारना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। एनसीसी जैसी गतिविधियां छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने व्यवहार और कार्यों में संविधान की भावना का पालन करना चाहिए।

कार्यक्रम में एनसीसी सह अधिकारी लेफ्टिनेंट शिल्की मिश्रा, विकास श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783732 Articles

Share this story