नशे में पहले बेटी की पिटाई कर दी फिर होश आने पर आहत पिता ने जहर खाकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
नशे में पहले बेटी की पिटाई कर दी फिर होश आने पर आहत पिता ने जहर खाकर की आत्महत्या


बांदा, 19 सितंबर (हि.स.)। बेटी से मारपीट की घटना के बाद आहत 45 वर्षीय मजदूर ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पैलानी थाना क्षेत्र के साड़ी गांव में उसका शव पशुबाड़े में पड़ा मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

साड़ी गांव निवासी भवानीदीन निषाद पुत्र दर्शन निषाद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, एक दिन पहले भवानीदीन ने नशे की हालत में अपनी बेटी के साथ मारपीट कर दी थी। मारपीट में बेटी के हाथ में चोट लग गई थी। इसके बाद घर में विवाद की स्थिति बन गई।

मृतक के भाई रंजीत निषाद ने बताया कि घटना के बाद भवानीदीन काफी परेशान था। उसने खाना भी नहीं खाया। रात में वह रोज की तरह पशुबाड़े में सोने चला गया। परिजनों के अनुसार, इसी दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। शनिवार को देर तक सोने पर जगाया गया तो वह अपने बिस्तर में मृत मिला।

परिजनों का कहना है कि बेटी के साथ हुई घटना को लेकर भवानीदीन काफी आहत था। इसी मानसिक परेशानी में उसने यह कदम उठाया। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

भवानीदीन के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले भवानीदीन की मौत से पत्नी और बच्चों समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना पर खपटिहा चौकी इंचार्ज केपी सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच्चाई सामने आयेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story