फर्रुखाबाद: प्रेमिका से शादी रचाने के लिए टावर पर चढ़ा युवक, उतारने के प्रयास जारी

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: प्रेमिका से शादी रचाने के लिए टावर पर चढ़ा युवक, उतारने के प्रयास जारी


फर्रुखाबाद, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज थाना क्षेत्र के पुल ग़ालिब स्थित एक मोबाइल टावर पर गुरुवार को एक युवक चढ़ गया। करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। युवक अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की मांग पर अड़ा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गुड्डू (25) नाम का युवक कायमगंज अंतर्गत पुल ग़ालिब स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि युवक मूल रूप से उत्तराखंड का निवासी है और पिछले करीब दो वर्षों से कायमगंज में एक होटल पर कार्य कर रहा है। इसी दौरान उसकी पहचान कायमगंज निवासी एक महिला से हो गई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने टावर पर चढ़ने के बाद स्वयं डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा।

इस बीच थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार द्विवेदी भी आ गए। उन्होंने युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक टावर से नीचे नहीं उतरा था।

बताया जा रहा है कि जिस महिला को लेकर युवक ने यह कदम उठा रहा है, वह चार बच्चों की मां है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम, एंबुलेंस और अन्य सुरक्षा संसाधन भी मौके पर आ गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है।

घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौजूद रहे। कोतवाल विनोद शुक्ला का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story