फर्रुखाबाद: तीन बच्चों के साथ महिला उफनाई गंगा नदी में कूदी, पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से बचाया
फर्रुखाबाद,15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कादरी गेट थाना क्षेत्र में पांचाल घाट पर शनिवार को एक महिला ने उफनाई गंगा में अपने तीन बच्चों के साथ छलांग लगा दी। पुलिस की सक्रियता से गोताखोरों ने महिला को बच्चों सहित जीवित नदी से निकाल लिया गया। पुलिस ने महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्चों को उसके पति के सुपुर्द कर दिया है।
थाना कादरी क्षेत्र के गांव पपियापुर की रहने वाली चाँदनी पत्नी रंजीत कुमार अपने तीन बच्चों के साथ पांचाल घाट पर आत्महत्या करने पहुंची। जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते महिला ने उफनाई गंगा नदी में छलांग लगा दी।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों व गोताखोरों की सहायता से गंगा में कूदी महिला को बच्चों समेत बचा लिया। नदी से निकालने के बाद महिला को एम्बुलेंस राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। बच्चों को पिता रंजीत कुमार व बाबा रूपलाल के सुपुर्द किया गया।
पुलिस कप्तान आरती सिंह ने बताया कि महिला किस बात को लेकर गंगा में कूदी इसका पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

