फर्रुखाबाद : संकिसा में बौद्ध अनुयायियों ने निकाली धम्म यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद : संकिसा में बौद्ध अनुयायियों ने निकाली धम्म यात्रा


फर्रुखाबाद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। देश भर से शरद पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद अंतर्गत संकिसा पहुंचे बौद्ध अनुयायियों ने सोमवार को विशाल धम्म यात्रा निकाली। बौद्ध भिक्षुओं ने स्तूप पर बौद्ध परंपरा के अनुसार पूजन किया। महोत्सव के सह संयोजक एवं भिक्षु संघ के अध्यक्ष डॉ. धम्मपाल महाथेरो ने झांकी में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा की पूजा अर्चना की।

बुद्ध महोत्सव के आयोजन का कर्मवीर शाक्य ने फीता काटकर एवं पंचशील ध्वज लहराकर भगवान बुद्ध की झांकी सहित धम्म यात्रा को बुद्ध स्तूप के लिए रवाना किया। डॉक्टर धम्मपाल महाथेरो एवं भिक्षु चेतसिक बोधी के नेतृत्व में हजारों भिक्षुगण एवं बुद्ध अनुयायी यात्रा में रवाना हुए।

यात्रा के दौरान भिक्षुगण बुद्धम शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि, धम्म शरणम गच्छामि का उद्घोष करते रहे। जबकि अनुयायी पंचशील ध्वज लहराते हुए जब तक सूरज चांद रहेगा भगवान बुद्ध का नाम रहेगा, बौद्ध धर्म की क्या पहचान मानव मानव एक समान आदि के जोरदार नारे लगाते रहे। स्तूप पहुंचने पर भिक्षुओं एवं अनुयायियों ने तीन बार बुद्ध स्तूप की परिक्रमा की। बाद में सभी ने स्तूप के किनारे मोमबत्ती व अगरबत्ती जलाई।

डॉ. धम्मपाल महाथेरो ने विधि विधान से परित्राण पाठ कर पूजन कराया और भगवान बुद्ध के उपदेशों की जानकारी देते हुए उनके कारवां को आगे बढ़ाये जाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुशीनगर के पूर्व मंत्री भंते नव रत्न महाथेरो, भिक्षु आलोक थेरो, भिक्षु चेतसिक बोधी, भंते नागसेन, डॉ. नवल शाक्य, डॉ. आलोक सिंह शाक्य, रघुवीर शाक्य, नागेंद्र शाक्य, अवनीश शाक्य, प्रधान लोहरें शाक्य, प्रधान अनंगपाल सिंह कुशवाहा, डॉ. देवेश शाक्य, सुधीर शाक्य एडवोकेट, संतोष बौद्ध, प्रधान पवन शाक्य, कमल सिंह उर्फ ठाकुर, कुलदीप कठेरिया आदि हजारों लोग शामिल रहे।

भीड़ के कारण स्तूप परिसर में लगी बैरिकेडिंग टूटी

बौद्ध अनुयायियों को स्तूप की परिक्रमा कराने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। परिक्रमा के लिए अनुयायियों को रोक-रोक कर आगे बढ़ने दिया गया। धम्म यात्रा के दौरान संकिसा तिराहे से स्तूप तक सड़क पर काफी भीड़ देखी गई। अनुमान लगाया गया इस बार बीते वर्ष की अपेक्षा बौद्ध अनुयायी डेढ़ गुना अधिक आए। इस दाैरान भीड़ के चलते स्तूप परिसर में लगी बैरिकेडिंग टूट गई और पुलिस कर्मियाें ने स्थिति काे

संभाला।

बताते चलें कि फर्रुखाबाद के संकिसा में रह कर भगवान बुद्ध ने अखंड साधना की थी। जिसकी वजह बौद्ध अनुयायी समय समय पर यहां आकर पूजा अर्चना करते हैं। बौद्ध अनुयायियों के लिए यह स्थान तीर्थ बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766875 Articles

Share this story