कार्तिक पूर्णिमा पर फर्रुखाबाद में 24 घंटे भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, एसपी ने जारी किया रूट डायवर्जन
गंगा स्नानार्थियों की आने वाली संभावित भीड़ को लेकर बदला रूट
फर्रुखाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए फर्रुखाबाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत जिले में आने वाले भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाते हुए उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रोकने और वैकल्पिक मार्गों से भेजने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सोमवार को बताया कि रूट डायवर्जन 23 नवंबर की शाम छह बजे से 24 नवंबर की शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर और लोडर सहित अन्य भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ आने वाले मालवाहक वाहनों को छिबरामऊ से बेवर (मैनपुरी) की ओर भेजा जाएगा। मैनपुरी के बेवर से फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहनों को बेवर में ही रोका जाएगा।
इसी तरह एटा की ओर से फतेहगढ़ आने वाले मालवाहक वाहनों को बिहारपुर-अलीगंज बॉर्डर पर रोका जाएगा। शाहजहांपुर और बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहनों को थाना अल्लागंज और हल्लापुर क्षेत्र में रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जरियनपुर चौराहे से ढाई घाट (फर्रुखाबाद) की ओर आने वाले वाहनों को जरियनपुर में ही रोका जाएगा।
एसपी ने बताया कि हरदोई की ओर से फतेहगढ़ आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को रूपापुर स्थित थाना सवायजपुर क्षेत्र में रोका जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए पुलिस की ओर से यह व्यवस्था लागू की गई है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

