जिलाधिकारी ने किया 39वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, बच्चों ने दिखाया दमखम
- दौड़, लंबी कूद, गोला और चक्का फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। पुलिस लाइन फतेहगढ़ में बुधवार को 39वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनसे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि खेल हमें निरंतर प्रयास करने, चुनौतियों का सामना करने और हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करने की सीख देते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी के समक्ष अनुशासित पीटी प्रदर्शन भी किया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। प्रतियोगिता के तहत 50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़, रिले रेस, चक्का फेंक, गोला फेंक और लंबी कूद सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी गति, क्षमता और खेल कौशल का परिचय दिया।
समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद कृपाशंकर सिंह ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना भी बड़ी उपलब्धि है। निरंतर अभ्यास, परिश्रम और अनुशासन से ही खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। बेसिक शिक्षा विभाग ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
इस दौरान अवनीश चौहान, जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अवनीश मिश्रा, देवेश यादव, वीरेंद्र त्रिवेदी सहित शिक्षकगण, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

