फर्रुखाबाद में 19 परीक्षा केंद्रों पर होगी होमगार्ड परीक्षा, 42624 अभ्यर्थी होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद में 19 परीक्षा केंद्रों पर होगी होमगार्ड परीक्षा, 42624 अभ्यर्थी होंगे शामिल


फर्रुखाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली होम गार्ड परीक्षा के लिए फर्रुखाबाद जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 42624 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने 25, 26 व 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का गुरुवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आर.पी. इंटर कॉलेज कामलगंज, आर.पी. पी.जी. कॉलेज कामलगंज, फिरोज गांधी इंटर कॉलेज कामलगंज तथा जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ का व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रॉन्ग रूम एवं सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि शौचालयों की समुचित साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को आज सायं तक पूर्णतः सुचारु रूप से संचालित किया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग एवं पहचान का सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

जनपद में होमगार्ड परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट व एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 4 स्टैटिक मजिस्ट्रेट को रिजर्व में रखा गया है। परीक्षा का आयोजन 2 पालियों में किया जाएगा। प्रत्येक पाली में 7104 परीक्षार्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था की गई है, इस प्रकार जनपद में 3 दिनों में कुल 42624 अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा दी जाएगी।

परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पेपर, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस एवं हैंडबैग ले जाना पूर्णता प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सभी केंद्रों पर क्लॉक रूम स्थापित किये गए है। अभ्यर्थियों को केवल पैन, प्रवेशपत्र व मूल पहचानपत्र के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story