गोवंश संरक्षण में लापरवाही, सड़क पर जख्मी हालत में मिला नंदी, ग्रामीणाें ने जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
गोवंश संरक्षण में लापरवाही, सड़क पर जख्मी हालत में मिला नंदी, ग्रामीणाें ने जताई नाराजगी


फर्रुखाबाद,14 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर गंभीर और बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में फर्रुखाबाद जनपद के

अमृतपुर कस्बे में शनिवार सुबह ठाकुरद्वारा के सामने रास्ते पर एक नंदी जख्मी हालत में मिला है। बेजुबान की पीड़ा और उसकी लाचार हालत देखकर ग्रामीणों का दिल पसीज गया। हालांकि गाेवंश की हालत देख लोगों ने नाराजगी जताई और उपचार के लिए पहुंचे।

अल्टीमेटम के बाद भी नहीं बदली तस्वीर

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने हाल ही में उच्चस्तरीय बैठक में निराश्रित गोवंशों को संरक्षित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया था। उन्होंने साफ चेतावनी दी थी कि गोवंश संरक्षण के काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद अमृतपुर में हालात जस के तस बने हुए हैं। कस्बे की गलियों, बाजारों और मुख्य रास्तों पर छुट्टा गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में विकास खंड राजेपुर के जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।

फसल बचाएं या बेजुबानों की जान, दोहरी मुश्किल में किसान

छुट्टा गोवंश किसानों के लिए भी बड़ी परेशानी बने हुए हैं। खेतों में खड़ी फसल को बचाने के लिए किसान रात-दिन रखवाली करने को मजबूर हैं। कई जगह खेतों के चारों ओर कंटीले और प्रतिबंधित आरीदार तार लगाए जा रहे हैं। इन तारों में उलझकर गोवंशों के घायल होने का खतरा बना रहता है। वहीं सड़कों पर भटकते पशु वाहनों की चपेट में आकर चोटिल हो रहे हैं। एक ओर किसान अपनी मेहनत की फसल बचाने के लिए जूझ रहे हैं, दूसरी ओर बेजुबान पशु सुरक्षित ठिकाने के अभाव में हादसों का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गोवंश संरक्षण के लिए बजट और सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद धरातल पर निगरानी और व्यवस्था में कमी है। उन्होंने गौशालाओं की वास्तविक क्षमता, उनमें संरक्षित गोवंशों की संख्या और चारा-दाना पर खर्च की जांच कराने की मांग की है। बजट के दुरुपयोग संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि मामले की जांच करा कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776829 Articles

Share this story