फर्रुखाबाद के सधवाड़ा में 24 घंटे में दूर हुई दूषित पानी की समस्या, नलों से शुरू हुई स्वच्छ जलापूर्ति

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद के सधवाड़ा में 24 घंटे में दूर हुई दूषित पानी की समस्या, नलों से शुरू हुई स्वच्छ जलापूर्ति


फर्रुखाबाद, 29 नवंबर (हि.स.)। फर्रुखाबाद जनपद के मोहल्ला सधवाड़ा में नलों से कीचड़युक्त और बदबूदार पानी आने की शिकायत पर नगर पालिका प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान करा दिया। जांच में फूलमती मंदिर के बाहर स्थित ट्यूबवेल के दो पाइप गलकर क्षतिग्रस्त मिले थे। इनके रास्ते नाली का दूषित पानी पेयजल स्रोत तक पहुंच रहा था। पाइप बदलने और नाली की निकासी दुरुस्त कराने के बाद रविवार सुबह स्वच्छ जलापूर्ति बहाल कर दी गई।

दरअसल, शनिवार को मोहल्ले के घरों में नलों से गंदा और बदबूदार पानी आने से लोगों में आक्रोश फैल गया था। पेयजल दूषित होने से परिवारों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया। शिकायत मिलने पर पालिकाध्यक्ष डॉ. शरद गंगवार मौके पर पहुंचे और व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए।

इसके बाद पालिका की टीम ने फूलमती मंदिर के बाहर स्थित ट्यूबवेल की तकनीकी जांच कराई। बोरिंग में लगे पाइप बाहर निकलवाए गए तो दो पाइप पूरी तरह गलकर खराब मिले। जांच में पता चला कि इन्हीं पाइपों के जरिए पास की नाली का दूषित पानी बोरिंग में पहुंच रहा था, जिससे घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा था।

कर्मचारियों ने दोनों खराब पाइप हटाकर नए पाइप लगाए। साथ ही नाली के पानी को बोरिंग तक पहुंचने से रोकने के लिए उसकी निकासी का रास्ता बदल दिया। ट्यूबवेल के पास बह रही नाली को बंद कर अतिरिक्त पाइप के जरिए मंदिर की ओर जाने वाले मुख्य नाले से जोड़ दिया गया।

दोबारा समस्या न हो, इसके लिए निर्माण कार्य शुरू

पालिकाध्यक्ष डॉ. शरद गंगवार ने बताया कि नगर पालिका ने भविष्य में ऐसी समस्या की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी इंतजाम शुरू किए हैं। बोरिंग के आसपास पानी का रिसाव और जमीन धंसने की आशंका को देखते हुए नाली को गहरा कराया जा रहा है। इसके अलावा मजबूत दीवार का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि नाली का दूषित पानी पेयजल स्रोत तक न पहुंच सके।

मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रविवार सुबह ट्यूबवेल से जलापूर्ति शुरू कर दी गई। नलों से साफ पानी आने पर मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली। एक दिन पहले दूषित पानी की समस्या से परेशान लोगों ने त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story