कब्जे से परेशान किसान पलायन को मजबूर, एसडीएम से की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
कब्जे से परेशान किसान पलायन को मजबूर, एसडीएम से की शिकायत


उत्तर प्रदेश हाथरस सादाबाद,कब्जे से परेशान किसान पलायन को मजबूर

गांव सलेमपुर का मामला, शिकायतों के बाद भी कब्जे का प्रयास जारी।

पीड़ित ने मकान पर लगाया फ्लेक्स, पीड़ित की कृषि भूमि से रास्ता बनाने का प्रयास।

हाथरस, 09 सितंबर (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र के गांव सलेमपुर में किसान ने बुधवार काे एसडीएम को कब्जे से संबंधित शिकायत देते हुए जानकारी दी है कि अगर उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह गांव से पलायन को मजबूर होगा। इसे लेकर उसने अपने मकान पर जमीन और कृषि भूमि को विक्रय करने के लिए फ्लेक्स भी लगा दिया है।

पीड़ित किसान राजपाल ने शिकायत में बताया है कि उसकी कृषि भूमि खाता संख्या 392, गाटा संख्या 67 से सटा हुआ एक चकरोड है। पड़ाेसी काश्तकार ने चकरोड पर कब्जा कर अपने चक में मिला लिया है और वह उसकी कृषि भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इसे लेकर पीड़ित ने स्थानीय प्रशासन को शिकायत की थी। लेखपाल ने मौका मुआयना किया और इस मामले में 25 जून 2025 को मेड बंदी के आदेश किए गए थे। इस संबंध में मामला न्यायालय में भी चल रहा है। इसके बावजूद पीड़ित का आरोप है कि प्रधान उसकी कृषि भूमि से रास्ता निकालकर अपने परिवार के लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। इस संबंध में मंडल आयुक्त को भी शिकायत की जा चुकी है। बावजूद उसके आरोपित पीड़ित की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास में लगे हुए हैं। इसलिए पीड़ित ने अपने मकान पर फ्लेक्स लगाकर पलायन के लिए मजबूर होने की सूचना सार्वजनिक कर दी है। फ्लेक्स पर पीड़ित ने लिखा है कि गांव के लोग उसकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए वह अपना मकान और जमीन बेचकर गांव छोड़कर जाने के लिए मजबूर है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story