पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर प्लांट निर्माण पर किसानों का विरोध, प्रशासन ने कराया समाधान
औरैया, 11 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शहर के आनेपुर मौजा में पीएम कुसुम योजना के तहत लगाए जा रहे सोलर प्लांट के निर्माण कार्य का किसानों ने विरोध किया। किसानों ने आरोप लगाया कि प्लांट कर्मचारी खेतों के बीच से बिजली की लाइनें और खंभे लगा रहे हैं, जिससे न केवल उनकी फसलों को नुकसान हो रहा है, बल्कि भविष्य में हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
यह सोलर प्लांट आरएबीसी सॉल्यूशन एबीटी लिमिटेड द्वारा स्थापित किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि कम्पनी के कर्मचारी मनमाने ढंग से खेतों के बीच खंभे गाड़ रहे हैं और हाईटेंशन लाइनें बिछा रहे हैं। इस दौरान किसानों ने विरोध जताते हुए काम रुकवाने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं मानी।
सूचना मिलने पर देवकली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद अशोक कुमार, अजय आनंद वर्मा तथा महिला पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचे। खरका गांव निवासी किसान गुलाब सिंह ने आरोप लगाया कि प्लांट के कर्मचारी उनकी जमीन पर बिना सहमति के खेतों के बीच में खंभे लगा रहे थे। विरोध करने पर उन्हें धमकाया भी गया।
उपजिलाधिकारी अजय आनंद वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब खंभे केवल खेत की मेड़ पर ही लगाए जाएंगे, जिससे किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया और निर्माण कार्य को नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

