बागपत में 36 हजार किसानों ने नहीं कराई फार्मर रजिस्ट्री

WhatsApp Channel Join Now
बागपत में 36 हजार किसानों ने नहीं कराई फार्मर रजिस्ट्री


बागपत, 20 फ़रवरी (हि.स.)। किसानों का एकीकृत डिजिटल डाटाबेस तैयार कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है, लेकिन बागपत में करीब 36 हजार किसान अभी भी अपना डेटा ऑनलाइन नहीं करा पाए हैं। जिला स्तर पर एक बार फिर फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए किसानों से कहा जा रहा है।

कृषि उपनिदेशक विभाति चतुर्वेदी ने बताया कि बागपत में किसान सम्मान निधि योजना में 107814 पंजीकृत कृषक सत्यापित किए गए हैं जिसमें से अभी तक 70953 कृषकों द्वारा अपनी फार्मर रजिस्ट्री करायी गयी है। 16181 गैर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कृषकों द्वारा अपनी फार्मर रजिस्ट्री करायी गयी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अवशेष 36861 कृषक जो अपनी फार्मर रजिस्ट्री नही करा रहे है। जिसके चलते किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी 22 वीं किस्त का लाभ तथा सरकार द्वारा कृषकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं खाद, बीज, कृषि यंत्र, कीटनाशी, फसल बीमा, कृषि ऋण आदि पर अनुदान का लाभ नहीं मिल पायेगा। उन्होंने अपील की है कि जिन कृषकों ने अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं करायी है ,वे अपना आधार, खतौनी, आधार से लिंक मोबाइल लेकर अपने नजदीकी जनसेवा केन्द्र पर जाकर तत्काल अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा लें। बताया गया है कि किसान अपने मोबाइल से भी Google Play Store से Farmer Registry UP मोबाइल ऐप डाउनलोड कर स्वयं भी अपना पंजीकरण कर सकते हैं। बता दें कि फार्मर रजिस्ट्री का मुख्य उद्देश्य किसानों की जमीनों को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर एकत्र करने का कार्य पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा करना है। किसानों को सरकारी योजनाओं और अनुदानों का लाभ सीधे और प्रभावी तरीके से प्रदान करने में मदद करेगी। उत्तर प्रदेश में जिन किसानों की जमीन जगह-जगह है, उन जमीनों को एक प्लेटफार्म पर लाकर रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से डिजिटल करना है। राजस्व विभाग ,कृषि विभाग, पंचायत सहायक आदि द्वारा ग्राम स्तर पर फ्री फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में जानकारी ली जा सकती है या किसान जन सुविधा केंद्र पर भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story