किसानों को नई तकनीक और बाजार से जोड़ते हैं किसान मेले : कृषि मंत्री
कानपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश में कृषि को लाभकारी बनाने के लिए किसानों को प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और आधुनिक तकनीकों से जोड़ना बेहद जरूरी है। ऐसे किसान मेले किसानों को नई तकनीकों, नवाचारों और बाजार से सीधे जुड़ने का मंच प्रदान करते हैं। यह बातें गुरुवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कही।
उन्होंने बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले का भ्रमण करते हुए चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशालय द्वारा लगाए गए स्टॉल पर प्रदर्शित कृषि नवाचारों और प्रसंस्कृत उत्पादों की सराहना की। तीन दिवसीय मेले में विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न फलों और श्रीअन्न से बने प्रसंस्कृत उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। जिससे किसानों को पारम्परिक खेती से आगे बढ़कर मूल्य संवर्धन और सीधे विपणन के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
मेले में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन से जुड़ी जानकारी दी गई। प्रसार निदेशालय की टीम ने किसानों को बताया कि किस प्रकार प्रसंस्कृत उत्पादों के माध्यम से बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त किया जा सकता है और छोटे स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सकता है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति के. विजयेंद्र पांडियन के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में प्रसार निदेशक डॉ. वी. के. त्रिपाठी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की टीम ने किसानों को नवोन्मेषी तकनीकों की जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

