यूरिया के लिए किसानों का जाम, अधिकारियों के हस्तक्षेप से खुला रास्ता

WhatsApp Channel Join Now
यूरिया के लिए किसानों का जाम, अधिकारियों के हस्तक्षेप से खुला रास्ता


मीरजापुर, 19 सितंबर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के हलिया-भटवारी रोड पर शुक्रवार सुबह किसानों ने यूरिया खाद न मिलने से नाराज होकर सड़क पर जाम लगा दिया। सुबह करीब दस बजे शुरू हुए इस जाम से आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी विजयशंकर त्रिपाठी और चौकी इंचार्ज मतवार कन्हैया राय ने किसानों को समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया। हालांकि समिति परिसर में खाद वितरण की मांग को लेकर सैकड़ों किसान डटे रहे।

किसानों का आरोप था कि समिति में खाद उपलब्ध होने के बावजूद सचिव की लापरवाही से वितरण रोका जा रहा है। उनका कहना था कि गुरुवार से ही कागजात जमा कराने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल सकी। सूचना पर पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम लालगंज महेंद्र सिंह ने मौके का मुआयना कर किसानों से वार्ता की। उन्होंने सचिव रमाकांत मौर्य को कड़ी हिदायत दी और तत्काल नियमानुसार खाद वितरण शुरू करने का आदेश दिया।

किसानों की परेशानी को देखते हुए एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक ध्रुव नारायण सिंह और लेखपाल पंकज दुबे को मौके पर तैनात कर दिया, ताकि खाद का वितरण पारदर्शी तरीके से कराया जा सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि एक ट्रक यूरिया खाद रास्ते में है और किसानों को किसी भी हालत में खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही अन्य समितियों पर भी सचिवों व एडीओ (काेऑपरेटिव) राजकपूर को आवश्यक निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story