जमीन पर रास्ता बनाए जाने के विरोध में आग लगाने वाले किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जमीन पर रास्ता बनाए जाने के विरोध में आग लगाने वाले किसान की मौत


जौनपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के लाइनबाजार थाना क्षेत्र स्थित लौकरी (परियावां) गांव में अपनी जमीन पर रास्ता बनाए जाने का विरोध करते हुए खुद को आग लगाने वाले किसान दिनेश कुमार मौर्य (35) की इलाज के दौरान शनिवार काे बीएचयू ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी विनीत राय ने बताया कि लौकरी (परियावां) गांव निवासी दिनेश कुमार मौर्य ने 17 अक्टूबर को मौर्य बस्ती में जाने वाली सड़क का निर्माण अपनी जमीन पर कराए जाने का विरोध किया था। उसका आरोप था कि बस्ती के कुछ लोग उसकी जमीन पर जबरन सड़क बनवा रहे हैं। इसी विवाद को लेकर उसने गांव के लोगों के सामने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।

इस मामले में दिनेश के परिजनों की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी विनीत राय ने बताया कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। किसान की मौत के बाद प्रकरण में आवश्यक धाराएं बढ़ाई जाएंगी और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story