आत्मा योजना अंतर्गत 47 किसान राज्य से बाहर प्रशिक्षण काे नई दिल्ली रवाना
अमेठी, 24 फ़रवरी (हि.स.)। अमेठी जनपद के 47 प्रगतिशील किसानों को सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन टेक्नोलॉजी (आत्मा) 2025-26 योजना के अंतर्गत राज्य से बाहर प्रशिक्षण के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, मेला ग्राउंड पूसा, नई दिल्ली भेजा गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 से 28 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर किसानों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और नवीन शोध आधारित विधियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करें और अन्य किसानों को भी जागरूक करें। ताकि जनपद में कृषि उत्पादन व उत्पादकता में वृद्धि हो सके। उन्होंने फसल विविधीकरण, जैविक व प्राकृतिक खेती, मूल्य संवर्धन और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने पर बल दिया।
उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण में उन्नत बीज उत्पादन, कीट एवं रोग प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण तथा नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को विभिन्न कृषि प्रदर्शनों एवं मॉडल परियोजनाओं का अवलोकन भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के लिए रवाना हुए किसानों ने इस अवसर के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्राप्त ज्ञान को अन्य किसानों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

