कानपुर में किसान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में किसान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला


कानपुर, 07 मई। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को एक किसान का शव कमरे में फांसी के फंदे से लड़का मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की पड़ताल में जुड़ गई है।

मृतक की पहचान बृजभान (45) उर्फ लल्ला के रूप में हुई। वह खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात सभी लोगों ने एक साथ खाना खाया था। इसके बाद परिवार के सदस्य छत पर सोने चले गए, जबकि बृजभान नीचे कमरे में सोने चले गए थे।

आज सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से झांक कर देखा तो उनका शव कमरे के अंदर छत के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिल्हौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही परिजनों से पूछताछ भी की। परिजन फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं और न ही आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकी है।बिल्हौर थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story