नदी में नहा रहे किसान की डूबने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
नदी में नहा रहे किसान की डूबने से मौत


कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। ककवन थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को पांडु नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से किसान की डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। गुलराह गांव निवासी किसान निर्भय (46) गांव से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान वह पांडु नदी में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय वह नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और अचानक संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे।नदी के आसपास मौजूद किसानों ने उन्हें डूबता देखा तो शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और नदी में उनकी तलाश शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने निर्भय को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।निर्भय परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। परिवार में पत्नी मंजू, दो बेटे गौरव और सौरभ तथा एक बेटी उपासना हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत ने बताया कि किसान के नदी में डूबने से मौत होने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story