किसान का शव नहर में मिला

WhatsApp Channel Join Now
किसान का शव नहर में मिला


किसान का शव नहर में मिला


- गढ़िया पुल के पास नहर में मिला किसान का शव, तलाश में जुटे परिजनों ने की पहचान

औरैया, 29 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित गढ़िया पुल के पास बुधवार देर शाम नहर में एक किसान का शव बहता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसी दौरान लापता किसान की तलाश में जुटे परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान की। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान इटावा के ग्राम रमाउपुरा, परसौली निवासी महावीर सिंह यादव (45) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि महावीर सिंह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे वह घर से लखना स्थित मकान जाने की बात कहकर निकले थे। उन्हें आखिरी बार नहर की पुलिया पर बैठे देखा, जिसके बाद वह लापता हो गए।

परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और बकेवर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम नहर में लगातार खोजबीन कर रही थी। बुधवार देर शाम अजीतमल क्षेत्र के गढ़िया पुल के पास नहर में शव बहता हुआ दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची अजीतमल पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। कुछ ही देर में तलाश कर रहे परिजन भी वहां पहुंच गए और शव की पहचान महावीर सिंह यादव के रूप में की।

कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि शव की पहचान होने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई बकेवर थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story