औरैया : खेत बचाओ अभियान में किसानों को सिखाए जा रहे उन्नत खेती के गुर

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : खेत बचाओ अभियान में किसानों को सिखाए जा रहे उन्नत खेती के गुर


-मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल सुरक्षा की दी जानकारी, 30 नवंबर तक चलेंगे 49 कार्यक्रम

औरैया, 28 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए 30 नवंबर तक खेत बचाओ अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। उप कृषि निदेशक दुर्गेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी सात विकासखंडों में कुल 49 कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। प्रत्येक विकासखंड में सात कार्यक्रम निर्धारित हैं। इनके माध्यम से किसानों को उन्नत खेती और फसल उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

बुधवार को एरवाकटरा विकासखंड के ग्राम एरवाटिकुर में सुबह की पाली में तथा सहार विकासखंड के ग्राम बिझाई में दोपहर की पाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र ग्वारी, अछल्दा के कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन, संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशक उपयोग, प्राकृतिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, एकीकृत कीट प्रबंधन, जल संरक्षण और जलवायु अनुकूल कृषि पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को रबी की फसलों में लगने वाले कीटों और रोगों से बचाव के उपाय भी बताए गए। साथ ही तिलहन, दलहन और बागवानी के माध्यम से फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी गई।

किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान आईडी एवं फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और रबी फसलों के सामान्य बीज व मिनीकिट की बुकिंग एवं वितरण संबंधी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक तकनीकों और संतुलित कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग किया। उप कृषि निदेशक के अनुसार, गुरुवार को सहार विकासखंड के ग्राम अरियारी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 30 नवंबर तक किसानों को जागरूक किया जाता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story