खेत जा रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला, घायल

WhatsApp Channel Join Now
खेत जा रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला, घायल


मुरादाबाद, 05 अप्रैल हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना डिलारी क्षेत्र में तेंदुए की दहशत एक बार फिर सामने आई है। रविवार शाम खेत पर जा रहे एक किसान पर मादा तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद किसान को अस्पताल से छुट्टी दे दी है। जिला वन अधिकारी अविनाश पांडेय ने बताया कि डिलारी के गांव ढाकवाला मझरा में वन विभाग की टीम ने डेरा डाल दिया है, सोमवार को वहां पिंजरा लगा दिया जाएगा।

थाना डिलारी के ग्राम पंचायत सहसपुरी के गांव ढाकवाला मझरा में शाम करीब 6ः30 बजे गांव निवासी 50 वर्षीय किसान देवेंद्र सिंह चौहान अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेत के पास उन्हें तेंदुए का एक शावक दिखाई दिया। तभी पास ही स्थित संजय की बोरिंग की दिशा से आई मादा तेंदुए ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।

तेंदुए के हमले में किसान का बांया हाथ गंभीर जख्मी हो गया, किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख मादा तेंदुआ अपने शावक के साथ जंगल की ओर भाग गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश में कांबिंग अभियान शुरू किया। घायल किसान को ठाकुरद्वारा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समय गेहूं कटाई का सीजन चल रहा है और किसान सुबह-शाम खेतों में रहते हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी क्षेत्र में तेंदुए के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। वहीं तीन दिन पहले ठाकुरद्वारा के डिलारी क्षेत्र गांव फरीदपुर में भाई की शादी के कार्ड बांटकर लौटते समय बाइक सवार अरमान पर तेंदुए ने हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गया था। कुंदरकी-जलालपुर मार्ग में भी दो दिन पहले कूलर की घास की फैक्ट्री के पास तेंदुआ ग्रामीण को सड़क पर घूमता दिखा। कुछ देर विचरने के बाद तेंदुआ खेतों में चला गया। तेंदुए के आने की जानकारी से ग्रामीणों में दहशत है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story