शिक्षक हमारे मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और आदर्श होते हैं: शिव कुमार पाल

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक हमारे मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और आदर्श होते हैं: शिव कुमार पाल


--रानी रेवती देवी के प्रधानाचार्य सहित दो शिक्षकों के स्थानांतरण पर विदाई समारोह

प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स)। विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर प्रयागराज के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय एवं आचार्य अमित नायक एवं संतोष कुमार तिवारी के स्थानांतरण पर साेमवार काे विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

विद्यालय के संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय का स्थानांतरण ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गंगापुरी, अमित नायक का स्थानांतरण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ककरी (सोनभद्र) एवं संतोष कुमार तिवारी का स्थानांतरण सरस्वती विद्या मंदिर विवेकानंद नगर (सुल्तानपुर) के लिए हुआ है। विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य एवं दोनों शिक्षकों को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र आदि भेंट कर ससम्मान विदाई की गई। इसके अतिरिक्त विद्यालय के अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने भी उपहार प्रदान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक एवं भारत सरकार के डिप्टी सॉलिसिटर जनरल शिवकुमार पाल ने कहा कि विद्यालय जीवन में शिक्षक का स्थान सिर्फ ज्ञान देने तक सीमित नहीं होता। वे हमारे मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और आदर्श होते हैं। जब कोई प्रिय शिक्षक या प्रधानाचार्य विद्यालय से विदाई लेता है, तो यह क्षण न केवल विद्यार्थियों बल्कि प्रबंधन समिति के साथ-साथ अन्य शिक्षक साथियों के लिए भी भावुक और यादगार बन जाता है।

विद्यालय के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य सीएमपी डिग्री कॉलेज डॉ आनंद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आपने अपने प्रधानाचार्य पद का दायित्व पूरे मन और लगन से निभाया है, आपके द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों को यह विद्यालय कभी नहीं भूल सकता और साथ ही साथ इस विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक वातावरण को बनाने में भी आपका योगदान अविस्मरणीय है। आपने सिर्फ अपनी मेहनत और लगन के आधार पर ही इस विद्यालय में अपनी एक अलग और अद्भुत पहचान स्थापित किया है। आपके अनुशासित और प्रतिबद्ध कार्यों ने हमेशा आपको दूसरों से अलग बनाया है।

इस अवसर पर विद्यालय के शुभेच्छु वरिष्ठ अधिवक्ता सेल्स टैक्स केएन कुमार ने भी अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। विदाई समारोह का संचालन सत्य प्रकाश पाण्डेय एवं दिनेश कुमार शुक्ला ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story