परिवारिक कलह से परेशान व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कंधरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुनछा गांव निवासी यादवेंद्र यादव (45) के रूप में हुई है।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वाराणसी से लखनऊ जा रही सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस कंधरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान यादवेंद्र यादव अचानक ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।लाइन बाजार थानाध्यक्ष केके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story