मर्चेंट नेवी अधिकारी सागर गुप्ता के परिजनों से मिले पवन गुप्ता
कानपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। यूक्रेन में ड्रोन हमले में जान गंवाने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी सागर गुप्ता का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराया जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार मुआवजा दे तथा उनकी पत्नी को नौकरी दी जाए। यह बातें बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।
यूक्रेन में ड्रोन हमले में जान गंवाने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी सागर गुप्ता का पार्थिव शरीर आज उनके कानपुर स्थित आवास पहुंचा। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता भी परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान सागर गुप्ता के भाई मनीष गुप्ता और पत्नी शालू ने पवन गुप्ता को परिवार की मांगों से अवगत कराया। परिजनों ने मांग की है कि, सागर गुप्ता का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराया जाए, क्योंकि उनकी मौत दो देशों के बीच चल रहे युद्ध के दौरान ड्यूटी निभाते हुए हुई। इसके अलावा निजी कंपनी से मिलने वाले मुआवजे के अतिरिक्त केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार भी आर्थिक सहायता प्रदान करे। सागर की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की जाए। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से पहले सागर गुप्ता ने अपने साहस का परिचय देते हुए सात लोगों की जान बचाई, जिसके बाद वह स्वयं ड्रोन हमले की चपेट में आ गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सागर गुप्ता ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर किए हैं। उनकी शहादत का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार की सभी मांगों को प्रशासन और शासन तक पहुंचा दिया गया है। कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है। मौके पर प्रतिभा अटल पाल, राकेश साहू, विनोद अवस्थी सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

