हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर परिवार ने शव रखकर किया हाईवे जाम, आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार को राजी हुए परिजन

WhatsApp Channel Join Now
हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर परिवार ने शव रखकर किया हाईवे जाम, आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार को राजी हुए परिजन


कानपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बनियापुरवा गांव में युवक विशाल निषाद की हत्या के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने गंगा बैराज-मंधना हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। कई घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हत्यारोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बाद में पुलिस अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए, जिसके बाद जाम समाप्त करा दिया गया।

पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि नामजद सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए भैरव घाट ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि परिजनाें के अनुसार, सोमवार देर शाम बनियापुरवा गांव स्थित पुलिस बूथ के सामने विशाल निषाद पर ईंट, पत्थर, डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल विशाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और साथियों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हुए। मृतक के बड़े भाई अमित की तहरीर पर चार सगे भाइयों समेत छह नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह, एसीपी स्वरूपनगर ज्योश्री, एसीपी कर्नलगंज आकांक्षा पांडेय सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। करीब कई घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण गंगा बैराज-मंधना हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने जाम खुलवाकर वाहनों का आवागमन सामान्य कराया। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story