राज्य सूचना आयुक्त ने आरटीआई की बारीकियों से कराया अवगत

WhatsApp Channel Join Now
राज्य सूचना आयुक्त ने आरटीआई की बारीकियों से कराया अवगत


प्रयागराज, 01 जून (हि.स)। जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा अभियान, मम्फोर्डगंज स्थित सरस्वती सभागार में सोमवार को सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) विषयक कार्यशाला-संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त उत्तर प्रदेश पदुम नारायण द्विवेदी ने संगोष्ठी में आए लोगों को आरटीआई के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

इस अवसर पर उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की आवश्यकता, समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तथा विभागीय दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों द्वारा आरटीआई से सम्बंधित विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे गए, जिन पर उन्होंने विस्तारपूर्वक अपने विचार व्यक्त करते हुए व्यावहारिक समाधान भी बताए।

कार्यक्रम में डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रताप, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रयागराज अनिल कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा श्रीमती नीतू सिंह यादव, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) कार्यालय के उपनिरीक्षक उर्दू हरिश्चंद्र गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम शासन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि आरटीआई प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम का संचालन विकास पांडे, जिला समन्वयक, समेकित शिक्षा ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story