संपूर्ण विश्व में फैला है इलाहाबाद विश्वविद्यालय का परिवार : प्रो0 संगीता श्रीवास्तव

WhatsApp Channel Join Now
संपूर्ण विश्व में फैला है इलाहाबाद विश्वविद्यालय का परिवार : प्रो0 संगीता श्रीवास्तव


--इविवि में पुराछात्र सम्मेलन “फेमिलियर फेसेज फिएस्टा” का भव्य आयोजन

प्रयागराज, 28 फरवरी (हि.स)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शनिवार को पुराछात्र सम्मेलन “फेमिलियर फेसेज फिएस्टा” का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने पुराछात्रों को ‘भूतपूर्व के नौजवान साथी’’ बताया। कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय का परिवार भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में फैला है। इविवि का लोगो/प्रतीक चिन्ह ‘वट वृक्ष’ (बरगद का पेड़) की जड़ें बड़े क्षेत्र में फैली हुई हैं।

कुलपति ने कहा कि हमारे पुराछात्र ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पहचान हैं, हमारे पुराछात्र अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहते हैं। पुराछात्रों का इविवि से लगाव ही हमारी पूंजी है। पिछले कुछ वर्षों में विश्वविद्यालय का स्वरूप बदला है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अपना परचम लहराया है। पिछले पांच वर्षों में 400 शिक्षकों की नियुक्ति हुई है, जो 15 देशों से आए हैं। संस्थान में शोध कार्य प्रगति पर है और परिसर का वातावरण जीवंत हो उठा है। विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई है और 190 से अधिक नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जो स्किल को बढ़ाना देने पर केंद्रित हैं। संस्थान में 15 नए भवन बने हैं और खेल के मैदान विकसित किए गए हैं। इसके साथ ही, तीन नए ऑडिटोरिम तैयार हो रहे हैं। इविवि को नैक से पहली बार एप्लस ग्रेडिंग प्राप्त हुई है। उन्होंने पुराछात्रों से आग्रह किया कि विद्या से, धन से और बल से देश की सेवा करें। देश को आपकी सेवा की जरूरत है।

इसके पूर्व कुलपति और यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमिनाई एसोसिएशन की चेयरपर्सन प्रो. संगीता श्रीवास्तव, एसोसिएशन अध्यक्ष प्रो. हेराम्ब चतुर्वेदी, सचिव प्रो. कुमार बीरेंद्र और आयोजन समिति के सदस्य प्रो. अजय जेतली ने विश्वविद्यालय में पधारे पुराछात्रों के साथ सीनेट परिसर स्थित प्रो. ईश्वर टोपे सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विनीत सरन, डॉ. दीपाली पंत जोशी सहित सैकड़ों पुराछात्रों की उपस्थिति रही।

एलुमिनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. हेराम्ब चतुर्वेदी ने कार्यक्रम की भूमिका रखी। कहा कि पुराछात्रों की उपस्थिति हमें प्रेरणा देती है। एलुमिनाई एसोसिएशन के सचिव प्रो. कुमार बीरेंद्र ने कहा कि एलुमिनाई एसोसिएशन के पंजीकरण के महज दो वर्षों में ही इविवि कई बड़े कार्यक्रमों का साक्षी बना है। विश्वविद्यालय परिवार को साथ जोड़ने के सफल प्रयास कुलपति के मार्गदर्शन में हुए हैं। पुराछात्रों ने विश्वविद्यालय में कई संसाधन उपलब्ध करवाए हैं। इसके लिए एसोसिएशन अपने पुराछात्रों का आभारी है।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. जया कपूर के काव्य संग्रह का मंच से विमोचन किया गया। यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमिनाई एसोसिएशन की ओर से हुई उद्यान प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने किया। एलुमिनाई एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अतुल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

--निराला आर्ट गैलरी में कला प्रदर्शनी और फूड गैलरीकुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्वत ने सीनेट परिसर स्थित निराला आर्ट गैलरी में लगी कला प्रदर्शनी और फूड गैलरी का उद्घाटन किया। उन्होंने निराला आर्ट गैलरी में लगी कलाकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने फूड गैलरी में विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर स्वादिष्ट व्यंजनों के बारे में जाना। विश्वविद्यालय में पधारे पुराछात्रों ने इन फूड स्टॉल पर भारतीय व्यजनों को लुत्फ उठाया।

इससे पूर्व, डॉ. प्रज्ञा शर्मा का स्वागत एलुमिनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. हेराम्ब चतुर्वेदी और हिमांशु बाजपेई का स्वागत सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने किया। उद्घाटन सत्र में डॉ. प्रज्ञा शर्मा और हिमांशु बाजपेई ने ‘झांसी की रानी‘ की दास्तान सुनाई।

--बरगद लॉन में सांस्कृतिक संध्या के तहत कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगापुराछात्र सम्मेलन “फेमिलियर फेसेज फिएस्टा” के शाम को सीनेट परिसर स्थित बरगद लॉन में सांस्कृतिक संध्या के तहत कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें पद्मश्री अवार्डी डॉ. अशोक चक्रधर, डॉ. सुनील जोगी एवं वसीम बरेलवी की उपस्थिति रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story