तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर एक लाख रुपये ठगने वाला कथित तांत्रिक गिरफ्तार, 20 हजार रुपये बरामद

WhatsApp Channel Join Now
तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर एक लाख रुपये ठगने वाला कथित तांत्रिक गिरफ्तार, 20 हजार रुपये बरामद


जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज कोतवाली पुलिस ने तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर ठगी और जबरन वसूली करने के आरोपित एक कथित तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा ने मंगलवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम को यह सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक नगर चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शाहगंज ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को सफर हुसैन (37) निवासी बड़ागांव, थाना शाहगंज को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र की एक महिला ने शाहगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सफर हुसैन खुद को तांत्रिक और सोखा बताता है। वह रौजा बड़ागांव में उससे मिला था। इस दौरान उसने महिला के बेटे की बीमारी और घर में तंत्र-मंत्र किए जाने का भय दिखाकर उससे एक लाख रुपये नकद और कीमती सामान ले लिया। महिला के रुपये वापस मांगने पर आरोपित कथित तौर पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा और गाली-गलौज करने लगा।

महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 396/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 308(5), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से 20 हजार रुपये नकद बरामद होने पर मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपित को न्यायालय भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778866 Articles

Share this story