मथुरा जिलाधिकारी के नाम से फिर बनी फर्जी फेसबुक आईडी
मथुरा, 11 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इन अपराधियों ने जिलाधिकारी (डीएम) को भी अपना निशाना बना लिया है। साइबर अपराधियाें ने जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नाम और आधिकारिक फोटो का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक बार फिर फर्जी (फेक) प्रोफाइल बना ली गई है।
हैरानी की बात यह है कि डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के लगभग पौने दो साल के कार्यकाल के दौरान उनके नाम से फर्जी आईडी बनाए जाने का यह चौथा या पांचवां मामला सामने आया है। सदर बाजार थाना में इस संबंध में पहले से ही मुकदमा दर्ज होने के बावजूद साइबर अपराधियों की बेखौफ गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
इस नए फर्जी फेसबुक अकाउंट के जरिए स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार ‘फ्रेंड रिक्वेस्ट’ भेजी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों और जानकारों का अंदेशा है कि ठग डीएम की साख और तस्वीर का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतना चाहते हैं, ताकि बाद में किसी आपातकालीन स्थिति (इमर्जेंसी) का बहाना बनाकर आर्थिक ठगी (मनी फ्रॉड) को अंजाम दिया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने खुद इस फर्जीवाड़े पर संज्ञान लिया है और आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया “मेरे नाम से बनाई गई संबंधित फेसबुक प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है। असामाजिक तत्व मेरी पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को ठगने का प्रयास कर सकते हैं। आम जनता और अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें और न ही किसी के झांसे में आकर रुपये का लेन-देन करें। सोशल मीडिया पर किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के नाम से संदेश मिलने पर उसकी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि जरूर करें। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

